Maharajganj Times

Maharajganj News :- जैव विविधता दिवस पर तीन स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम, लोगों ने लिया संरक्षण का संकल्प

Maharajganj
Thursday, 22 May, 2025
0
429

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद में गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस बड़े ही जागरूकता पूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में लोगों को जैव विविधता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। सरस्वती देवी महिला पी.जी. कॉलेज, टिकुलहिया में निचलौल रेंज के वनकर्मियों और WTI (वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया) टीम द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही। वक्ताओं ने जैव विविधता के घटते स्तर और उसके पर्यावरण पर प्रभावों पर प्रकाश डाला। दक्षिणी चौक रेंज अंतर्गत नगर पंचायत चौक के गोरखनाथ मंदिर परिसर में भी वन विभाग द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें रेंज के समस्त स्टाफ के साथ क्षेत्रीय जनसमुदाय ने भाग लिया। लोगों को पेड़-पौधों, वन्यजीवों और पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण की जानकारी दी गई। उत्तरी चौक रेंज के घोड़हवा वन चौकी पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय वन अधिकारी ने ग्रामीणों एवं वनकर्मियों को जैव विविधता की आवश्यकता व संरक्षण के तरीकों से अवगत कराया। तीनों स्थानों पर हुए इन आयोजनों ने जन-जागरूकता का संदेश दिया और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में स्थानीय सहभागिता को मजबूती प्रदान की।डीएफओ निरंजन सर्वे ने बताया कि जैव विविधता हमारे जीवन, पारिस्थितिकी तंत्र और पृथ्वी के संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वन विभाग लगातार जनजागरूकता के माध्यम से लोगों को जोड़ने का प्रयास कर रहा है ताकि जैव विविधता की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

<